फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

Wed, 19 Aug 2026 12:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए पुलिस की टीम।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के मार्गदर्शन में दादरी पुलिस की ओर से मंगलवार को बिगोवा के बीएसएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 के बारे में जानकारी दी गई।
विज्ञापन

कार्यक्रम में नारकोटिक्स सेल से एएसआई राहुल फौगाट, दुर्गा शक्ति टीम और नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को गलत संगति और किसी के बहकावे में आने से बचते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने का संदेश दिया गया। नशे की बिक्री या सेवन से संबंधित जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल करने के उपाय बताए। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
विज्ञापन


गुड टच-बैड टच की दी जानकारी
दुर्गा शक्ति टीम ने विद्यार्थियों को महिला एवं बाल विरुद्ध अपराधों के प्रति जागरूक किया। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में तुरंत परिजनों या शिक्षकों को बताने की सलाह दी गई। साथ ही हरियाणा दुर्गा शक्ति ऐप के उपयोग और इसके फायदों की जानकारी भी दी गई।

संकट में 112 पर करें कॉल
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन सेवा डायल 112 की कार्यप्रणाली समझाई। बताया गया कि दुर्घटना, अपराध या किसी अन्य सुरक्षा संबंधी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस ने विद्यार्थियों से नशे और अपराध से दूर रहकर जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें