पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में समग्र शिक्षा के सौजन्य से जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला परियोजना संयोजक अलका के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। गायन, नृत्य, दृश्य कला और खिलौना निर्माण सहित सात विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अचीना और पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चरखी दादरी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में प्रथम स्थान हासिल किए।
संगीत और नृत्य में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम प्रभारी एपीसी कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सोलो म्यूजिक क्लासिकल विधा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अचीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वोकल म्यूजिक ग्रुप में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी की टीम प्रथम रही। इसी प्रकार सोलो डांस प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अचीना ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ग्रुप डांस में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चरखी दादरी की टीम ने बाजी मारी। संगीत और नृत्य की इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला, सुरों की समझ, तालमेल और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
दृश्य कला और खिलौना निर्माण में भी दिखा हुनर
विजुअल आर्ट्स 2डी प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी के विद्यार्थी गौरव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजुअल आर्ट्स 3डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अचीना के दुष्यंत ने अपनी कलाकृति के दम पर पहला स्थान हासिल किया। वहीं खिलौना निर्माण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समसपुर की कनिष्का और साक्षी की टीम प्रथम रही। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और कलात्मक कौशल के माध्यम से विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता की सभी सात विधाओं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय कला उत्सव में भाग लेंगे। इसके लिए विजेता विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. इंदु गलिया, पुष्पकौर, गुणवती देवी, डॉ. महेंद्र सिंह, राजेश डागर, डॉ. सतीश साहू, डॉ. रमेश और किरण सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। उन्होंने विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए विजेताओं का चयन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश कुमार, दीपक कुमार, पवन कुमार बीआरपी, मनीषा एबीआरसी और अरुण कुमार सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।