चरखी दादरी। आदर्श आचार संहिता लागू होते ही अधिकारी अधिक सक्रिय हो गए हैं। नगर परिषद की ओर से इसकी शुरुआत की गई है। एमई जोगेंद्र सिंधु की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम दोपहर डेढ़ बजे हरिनगर में तंबाकू फैक्टरी के पास पहुंची। टीम ने जेसीबी से दीवार तोड़कर वर्षों से बंद गली को खुलवाया। 11 फुट की गली बंद होने के कारण लोग 18 इंच मोटी दीवार पर चलकर मुख्य गली तक पहुंचने के लिए मजबूर थे। हालांकि कार्रवाई का किसी ने विरोध नहीं किया।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नगर परिषद के अधिकारियों ने मंगलवार को विभिन्न जगहों पर पहुंचकर कार्रवाई की। शहर में अतिक्रमण भी हटाया गया जबकि कई साल से बंद एक गली को भी दीवार ढहाकर खुलवाया गया। कई पोस्टर और होर्डिंग उतारने समेत दीवारें पुतवाने की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। नगर परिषद की ओर से मंगलवार को कई जगह कार्रवाई की गई। पेश है कार्रवाई की रिपोर्ट...
किसकी मौजूदगी में कहां की गई कार्रवाई
कार्रवाई-1: आदर्श आचार संहिता की पालना के लिए 23 जगह पहुंची तीन टीमें
आदर्श आचार संहिता का पालन करवाने के लिए नगर परिषद की तीन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दल ने होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर और झंडे उतारे और दीवारों पर लिखे प्रचार के नारों पर रंग पुतवाया। तीनों टीमों में शामिल कर्मचारियों ने एक जगह दीवार की पुताई की जबकि 17 होर्डिंग्स, तीन बैनर और एक झंडे को उतार दिया।
कार्रवाई-2 : कोर्ट रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर जब्त किया सामान
मंगलवार दोपहर करीब 3:45 बजे नगर परिषद टीम ने एमई जोगेंद्र सिंधु की अगुवाई में परशुराम चौक से आंबेडकर चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कुछ रेहड़ी वालों का सामान भी जब्त किया गया। रेहड़ी वालों ने समय मांगा लेकिन टीम ने बुधवार से यहां रेहड़ी न लगाने की नसीहत के साथ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
डीसी के आदेश पर शहर में कई जगह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एक शिकायत मिलने पर कई साल से बंद गली को निर्विरोध खुलवाया गया है। - जोगेंद्र सिंधु, एमई, नगर परिषद, चरखी दादरी।