फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: खुशहाली की धार...69 करोड़ से बुझेगी चार गांवों की प्यास, पेयजल परियोजना का 90 प्रतिशत काम पूरा, 22 हजार की आबादी को मिलेगी राहत

Tue, 02 Jun 2026 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। बौंद कलां और आसपास के तीन गांवों के ग्रामीणों को जल्द ही खारे पानी और पेयजल संकट से निजात मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में पानी की किल्लत को स्थायी रूप से दूर करने के लिए शुरू की गई 69 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस आधुनिक योजना के धरातल पर उतरने से कस्बा बौंद कलां, गांव बौंद खुर्द, उण और बास का पेयजल आपूर्ति ढांचा पूरी तरह सुदृढ़ हो जाएगा जिससे क्षेत्र की करीब 22 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

चारों गांवों में पिछले लंबे समय से पानी की भारी किल्लत बनी हुई थी। पुराने जलघरों के रिजर्व टैंकों में जमीन का खारा पानी (चवे का पानी) मिल जाने के कारण घरों में दूषित और खारी सप्लाई आ रही थी। इसके चलते ग्रामीणों को पीने और अन्य जरूरतों के लिए महंगे दामों पर पानी के टैंकर और कैंपर मंगवाने पड़ते थे। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक सुनील सांगवान से मुलाकात की थी जिनके प्रयासों से सरकार द्वारा 69 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर इस काम को गति दी गई।
आरसीसी टैंकों का निर्माण और नई पाइपलाइन
परियोजना के तहत पानी के भंडारण और शुद्धिकरण को बेहतर बनाने के लिए संबंधित जलघरों में बड़ी क्षमता वाले आरसीसी टैंकों का निर्माण किया गया है। ये टैंक न केवल पानी को लंबे समय तक स्वच्छ रखेंगे बल्कि भविष्य की बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी पूरा करेंगे। इसके साथ ही गांवों के भीतर नई पाइपलाइन बिछाने का काम भी अंतिम चरण में है जिन्हें जल्द ही मुख्य लाइन से जोड़कर हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन

लोहारू कैनाल पर बना नया पंपिंग स्टेशन
जलघरों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए लोहारू कैनाल (नहर) पर एक उच्च क्षमता वाला नया पंपिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके जरिये नहर से सीधे पानी उठाकर जलघरों के टैंकों तक भेजा जाएगा। इस आधुनिक स्टेशन के बनने से नहर बंदी या कम दबाव की स्थिति में भी गांवों की जल आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा और प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी सुनिश्चित हो सकेगा।

-
विभाग की टीम शेष 10 फीसदी काम को तेजी से पूरा करवाने में जुटी हुई है। उम्मीद है कि आगामी 10 दिनों में जलघर के टैंकों में नहरी पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इसके कुछ दिनों बाद ही घरों में पानी की सप्लाई शुरू हो सकेगी। - दीपक यादव, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें