चरखी दादरी। तापमान बढ़ने के साथ ही रेडिमेड गारमेंट्स दुकानों में गर्म कपड़ों की मांग सुस्त पड़ने लगी है। स्टॉक को खत्म करने के लिए दुकानदार ग्राहकों को गर्म कपड़ों पर विशेष छूट दे रहे हैं, ताकि बचा हुआ माल रखने के लिए गोदामों का सहारा न लेना पड़े और दुकानों में गर्मियों के सीजन को ध्यान में रखते हुए कपड़ों का पर्याप्त स्टॉक किया जा सके।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव आने लगा है और विशेषकर दोपहर के समय तेज धूप होने लगी है जिससे दुकानों में दुकानदार सर्दी के गर्म कपड़ों के स्टॉक को बेहद कम दामों में बेचकर स्टॉक समाप्त करने में जुटे हैं। सर्दी के सीजन में जहां ग्राहकों को गर्म कपड़ों पर 10 से 20 प्रतिशत छूट दी जा रही थी वहीं अब स्टॉक क्लीयर करने के लिए 30 से 50 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। ताकि जल्द से जल्द सर्दियों के स्टॉक को खत्म कर गर्मियों के सीजन को ध्यान में रखते हुए कपड़ों का स्टॉक किया जा सके।
क्या कहते हैं दुकानदार
गर्म कपड़ों की खरीद के लिए आने वाले ग्राहक को किसी भी कीमत पर खाली नहीं जाने देते। इसके लिए चाहे खरीद रेट पर ही सामान क्यों न देना पड़े। हमारा प्रयास होता है कि गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले स्टॉक पर लगाए पैसे की वसूली हो सके। ताकि इस पैसे से गर्मी के परिधान का स्टॉक मंगवाया जा सके।- संजय सोनी, दुकानदार
हमने सर्दी का स्टॉक समाप्त करने के लिए ग्राहकों को एक जनवरी से 60 प्रतिशत तक छूट देनी शुरू कर दी थी। ताकि अधिक से अधिक गर्म कपड़ों की बिक्री कर स्टॉक समाप्त किया जा सके। अभी दुकान में केवल 25 प्रतिशत ही गर्म कपड़ों का स्टॉक बचा हुआ हैं। 28 फरवरी से पहले बचे हुए इस स्टॉक को बेचकर खत्म करने का प्रयास रहेगा।- गौरव कुमार, दुकानदार