चरखी दादरी। वार्ड-15 निवासी वांछित आरोपी विनोद उर्फ विशाल बुच्चा को एसटीएफ ने दबोचा है। आरोपी से लोड पिस्तौल बरामद हुई। उसके खिलाफ सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि शनिवार को एसटीएफ टीम (बहादुरगढ़ यूनिट) अपराध की रोकथाम के लिए दादरी बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि वार्ड-15 निवासी विनोद उर्फ विशाल वांछित आरोपी है। वह अवैध हथियार लिए हुए बस अड्डे के पीछे खड़ा है।
सूचना मिलते ही एएसआई नरेंद्र की अगुवाई में टीम बताई गई जगह पहुंची। वहां खड़े एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन, उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल में एक कारतूस लोड मिला। पुलिस ने आरोपी विनोद को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।