फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मादक पदार्थ बिक्री की सूचना पर पहुंची स्टेट नारकोटिक्स टीम, डंडे दिखा घर में घुसने से रोका तो जांच किए बिना लौटी

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। मादक पदार्थ बिक्री की सूचना मिलने पर बुधवार दोपहर बास रानीला गांव के एक मकान की तलाशी लेने पहुंची हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम को वहां रहने वाले लोगों ने डंडे दिखा अंदर घुसने नहीं दिया। इतना ही नहीं टीम को गालियां देते हुए घर के अंदर घुसने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। तलाशी अभियान के लिए पहुंची नारकोटिक्स टीम के साथ अचीना ताल चौकी पुलिस और गांव के मौजिज लोग भी थे। डंडों और धमकी के सामने टीम बिना तलाशी लिए ही वापस लौट गई। टीम में शामिल एसआई की शिकायत पर बौंदकलां थाना पुलिस ने बुधवार रात एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

बास रानीला गांव निवासी व्यक्ति के घर में सुल्फा, शराब और चूरा पोस्त बिक्री की सूचना मधुबन एडीजीपी कार्यालय में मिली थी। इसके बाद एचएसएनसीबी रोहतक यूनिट को एसआई कर्मबीर सिंह के नेतृत्व में जांच के लिए बास रानीला भेजा गया। बौंद कलां क्षेत्र में पहुंचने के बाद नारकोटिक्स टीम ने अचीना चौकी से सिपाही को अपने साथ ले लिया और टीम बताए गए पते पर पहुंची। गांव में निवर्तमान सरपंच मौजूद न होने पर चौकीदार संजय और पंचायत मेंबर प्रतिनिधि सुनील को वहां बुला लिया। टीम ने जब मकान की तलाशी लेने के लिए दरवाजा खटखटाया तो अंदर से दो लोग बाहर आए और टीम को सामने देखकर गाली-गलौज करने लगे।
एसआई कर्मबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मकान में रहने वाले लोग डंडे लेकर बाहर आ गए और अंदर घुसने पर टीम को अंजाम भुगतने की धमकी दी। कई प्रयासों के बावजूद टीम को उक्त लोगों ने अंदर नहीं जाने दिया और टीम को बिन जांच के ही वापस लौटना पड़ा। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत बौंदकलां थाना पुलिस को दे दी गई है। वहीं, इससे पहले टीम से झगड़ा करने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं नारकोटिक्स टीम के एसआई की तरफ से पुलिस को इस संदर्भ में कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू करते हुए आरोपी जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक महिला समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
विज्ञापन

लगातार सामने आ रहे हैं मादक पदार्थ बिक्री के मामले
दादरी जिले में पिछले कुछ सालों में मादक पदार्थों और शराब तस्करी के मामले बढ़े हैं। हालांकि पुलिस लगातार शराब की अवैध बिक्री करने वालों और मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। अगर पिछले डेढ़ साल की बात करें तो 100 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जिला पुलिस टीमें जब्त कर चुकी हैं। शहर के अलावा गांवों में मादक पदार्थों की बिक्री जोर पकड़े हुए है।
इस संबंध में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एसआई की शिकायत पर बास रानीला निवासी एक परिवार के तीन लोगों के खिलाफ धारा 186, 353, 294, 506 व 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

- पवन कुमार, जिला पुलिस प्रवक्ता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें