खेलों से खेल-लोगो
तीन डेडलाइंस बीतने के बाद भी जिलास्तरीय स्टेडियम का निर्माण अधूरा
समसपुर में 25 एकड़ में बन रहा स्टेडियम, पांच हजार खिलाड़ियों को इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। तीन डेडलाइंस बीत चुकी हैं। गांव समसपुर में जिला स्तरीय राजकीय खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ। अंतिम डेडलाइन 31 अगस्त थी। यह भी बीत चुकी है। अभी डेढ़ माह से ज्यादा समय और लगने की संभावना है। लोगों का कहना है कि स्टेडियम निर्माण की गति बीरबल की खिचड़ी हो गई है।
समसपुर में बन रहा जिला स्तरीय स्टेडियम ढाई साल में भी पूरा नहीं हो सका है। खिलाड़ियों को लंबे समय से स्टेडियम की दरकार है। स्टेडियम करीब 25 एकड़ में निर्माणाधीन है। बजट 28 करोड़ है। कभी प्रदूषण स्तर बढ़ने पर काम बंद हुआ तो कभी अन्य कारणों से। विभाग अगस्त में निर्माण कार्य पूरा करने की बात कर रहा था। यह डेडलाइन भी बीत गई।
दरअसल, शहर से सटे दिल्ली रोड पर गांव समसपुर के पास खेल स्टेडियम ढाई साल से बन रहा है। मुश्किल से यह प्रोजेक्ट एक साल का है। लेकिन, लापरवाही का आलम यह है कि ढाई साल का समय बीत चुका है। काम अभी चल ही रहा है। सूत्रों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग व खेल विभाग का तालमेल सही नहीं रहने से कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है।
- इन खेल कोर्ट की मिलनी हैं सुविधाएं
स्टेडियम में सभी प्रकार के खेल कोर्ट बनने हैं। इनमें फुटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स आदि शामिल हैं। स्टेडियम निर्माण का लाभ करीब पांच हजार खिलाड़ियों को मिलेगा।
- सुविधाओं की कमी के बावजूद खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छोड़ी छाप
इस समय जिलास्तरीय एक भी राजकीय खेल स्टेडियम नहीं हैं। सरकारी कार्यक्रम गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए भी प्रशासन के पास खुद की जगह नहीं है। ऐसे में स्टेडियम की सख्त जरूरत है। जिले में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हैं। इन्होंने सुविधाओं की कमी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है।
वर्सन
अभी स्टेडियम निर्माण में और समय लगेगा। कुछ काम बाकी है। स्टेडियम में तकरीबन सभी प्रकार के खेलों के ट्रैक बनने हैं। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा।
-संधुबाला, जिला खेल अधिकारी
फोटो- 10
गांव समसपुर में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम। संवाद