चरखी दादरी। जिले में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। सरकार की ओर से गांव छपार स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर खोलने की घोषणा की गई है।
स्कूल परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैंडबाल कोर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।
प्रदेश सरकार की खेल नीति के तहत हर जिले में कम से कम एक स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कड़ी में जिले के लिए गांव छपार का चयन किया गया है। यहां पहले से ही पीएमश्री योजना के तहत शैक्षणिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ऐसे में खेल सुविधाओं के जुड़ने से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। खास तौर पर हैंडबाल जैसे खेल को बढ़ावा देने के लिए यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।
प्रस्तावित स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, योग्य कोच, खेल उपकरण और फिटनेस से जुड़ी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां नियमित अभ्यास सत्रों के साथ-साथ प्रतियोगिताओं की तैयारी कराई जाएगी। इससे उन युवाओं को लाभ मिलेगा, जो संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा को निखार नहीं पाते थे।