एमिनेंट पर्सन्स के साथ की समीक्षा बैठक करते हुए एसपी लोगेश कुमाार।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। हरियाणा सरकार की जनहितकारी प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए जिला पुलिस लगातार तत्परता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक दादरी लोगेश कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में जिले के सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन्स के साथ समन्वय एवं समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पोर्टल (सीएम विंडो) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान के लिए एमिनेंट पर्सन्स ने दादरी पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। बैठक में सुरक्षा शाखा प्रभारी राजेश कुमार, शिकायत शाखा प्रभारी परमवीर सिंह, पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार सहित सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन बलवान आर्य भांडवा, प्रदीप बाढड़ा, बलबीर शर्मा टोडी, राजीव रामनगर, बलविंद्र सांवड़, भुनेश गोयल दादरी, जगमाल सैनी दादरी तथा अशोक परमार दादरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिकायतों पर की चर्चा
बैठक में सीएम विंडो पर लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा प्रत्येक शिकायत पर व्यक्तिगत रुचि लेकर शिकायतकर्ता से सीधा संवाद किया जा रहा है जिससे जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। इसके अलावा जिले में नशे के खात्मे के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों और आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणामों की भी सदस्यों ने सराहना की।
अपराध मुक्त समाज हमारा ध्येय
इस पर पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना और अपराध मुक्त समाज का निर्माण दादरी पुलिस का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।