फोटो 23 अचीना पुलिस चौक का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी अर्श वर्मा। स्रोत: विभाग
- पुलिस कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, लंबित केसों की भी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने मंगलवार को बौंदकला पुलिस थाना व अचीना ताल चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में दर्ज मुकदमों, शिकायतों व अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का अवलोकन कर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, एमएचसी कक्ष, मालखाना, हवालात और कंप्यूटर कक्ष का भी बारीकी से जायजा लिया। अर्श वर्मा ने कहा कि पुलिस थाने में जब लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं, तो उन्हें यह महसूस होना चाहिए कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले लोगों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करें। ताकि, आमजन का पुलिस पर विश्वास बना रहे। अर्श वर्मा ने थाना मोहर्र से रिकॉर्ड की जानकारी लेते हुए सफाई व्यवस्था भी जांची और पौधरोपण भी किया।
एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे आमजन की लंबित शिकायतों का निपटारा जल्द से जल्द करें। अपराधियों को पकड़कर पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई कसर न छोड़ें। प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि हर शिकायत का समय पर समाधान किया जाए।