चरखी दादरी में अधिकारियों के साथ मंथन करतीं जिला उपायुक्त मनदीप कौर।
चरखी दादरी। हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला प्रशासन ने आठ परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी है। इनमें पहाड़ वाले क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से बीज डालकर वन क्षेत्र बढ़ाना भी शामिल है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी इन परियोजनाओं पर जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों के साथ मंथन किया।
उपायुक्त ने कहा कि आज के दौर में पर्यावरण को सुरक्षित रखना सबसे अहम मुद्दा है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित और साफ रखने के उद्देश्य के लिए आठ प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें बारिश के पानी का सुधारकर दोबारा इस्तेमाल करना, क्रशर जोन की तरफ जाने वालीं सड़कों का सुधारीकरण, गावों में साइंटिफिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्य, सरकारी स्कूलों में छोटे वन क्षेत्र बनाना, शहर के पार्कों में घना पौधारोपण और सुधारीकरण, धूलभरे इलाकों के चौराहों में फव्वारा सिस्टम लगाना, खनन क्षेत्र के साथ लगते गांवों में चिकित्सा व स्वास्थ्य शिविर लगाना और अरावली के पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकाॅप्टर से बीज डालकर वन क्षेत्र को बढ़ाना शामिल है।
दो दिन के अंदर जगह का करना होगा चयन
उपायुक्त ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उनसे संबंधित इलाकों में पर्यावरण को सुधारने के लिए आगामी दो दिन के भीतर जगह का चयन करे। इसके साथ ही प्रस्ताव उनके कार्यालय में जमा करवाएं, ताकि आगे की कार्रवाई जल्द से जल्द शुरू की जा सके।