चरखी दादरी। परिवार पहचान पत्र की खामियां लोगों के लिए गले की फांस बनी हुई हैं। इन खामियों को ठीक कराने के लिए लोग कॉमन सर्विस सेंटर के चक्कर लगाने को विवश हैं। किसी व्यक्ति के परिवार पहचान पत्र में आय की गड़बड़ी ठीक नहीं हो रही तो कोई अपनी बेटी का नाम कटवाने के लिए कई बार आवेदन कर चुका है। बावजूद इसके खामियां जस की तस हैं।
शनिवार को भी पीपीपी की खामियां दूर करने के लिए सरकार के निर्देशों पर 40 बूथों पर कैंप लगाए गए। इसके अलावा जिले के 400 कॉमन सर्विस सेंटर्स पर भी लोगों ने पीपीपी की खामियां दूर करवाई। पहले दिन जहां करीब 600 लोगों ने विशेष कैंप का लाभ उठाया तो दूसरे दिन इससे डेढ़ गुना लोग परिवार पहचान पत्र की खामियां दूर कराने के लिए विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटर और बूथों पर लगाए गए कैंप पर पहुंचे।
बता दें कि परिवार पहचान पत्रों की खामियों के चलते जहां जरूरतमंद लोगों का सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतें आ रही हैं। इनकी समस्याओं को देखते हुए सरकार ने 28, 29 व 30 अप्रैल को विशेष शिविर लगाकर पीपीपी की खामियां दूर करने के निर्देश दिए थे। पहले दिन जहां साइट की दिक्कत बन रही तो दूसरे दिन स्थिति काफी बेहतर नजर आई। इसके कारण लोग पीपीपी की खामियों को दूर कराने के लिए आवेदन कर पाए।
- आय और नाम की सबसे अधिक गड़बड़ी
पीपीपी में सबसे अधिक शिकायतें आय और परिजन का नाम लिखवाने व कटवाने से संबंधी मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि कॉमन सर्विस सेंटर पर आय ठीक करवाने के बाद भी उनकी आय परिवार पहचान पत्र में सही नहीं हो रही।
जानिये....लोगों की जुबानी, उनकी परेशानी
- परिवार पहचान पत्र में मेरी आय अधिक दिखाई गई है। इसे ठीक करवाने के लिए कई बार कॉमन सर्विस सेंटर के अलावा अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन समस्या जस की तस है।
-अनिल नांगवान, वार्ड-10
- मेरी लड़की की शादी लगभग तीन माह पहले हुई थी। उसकी शादी होने के बाद वो अपना नाम यहां बने पीपीपी से कटवाकर अपने ससुराल में दर्ज करवा चाहती है, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही है।
-आनंद कुमार, वार्ड-7
- पीपीपी में आय ठीक करवाने के लिए पांच बार पोर्टल के जरिये अपने दस्तावेज जमा करवा चुका है, लेकिन अभी तक आय ठीक नही हो पाई है। इनकम ज्यादा दिखाने से योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हूं।
-नरेंद्र कुमार, वार्ड-12
- लगभग तीन साल पहले में अपनी प्राइवेट नौकरी छोड़ घर चला आया था। इसके बाद जब मैंने अपने पीपीपी में आय ठीक करवाने के आवेदन किया तो उसमें मेरी आय नौकरी के हिसाब से दर्शाई गई है।
-प्रवीन कुमार, वार्ड-17
पीपीपी की खामियां ठीक करने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। लोगों को इन शिविर का लाभ उठाकर परिवार पहचान पत्र की खामियां ठीक करानी चाहिए।
मुकेश कुमार, जोनल मैनेजर, क्रिड
प्रशासन की तरफ से परिवार पहचान पत्र में खामियां दूर करने के लिए लगाए जाने वाले तीन दिवसीय शिविर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वार्ड में ऐसा कोई शिविर नहीं लगा। लोग पीपीपी में खामियां दूर करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं, पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
कुलदीप सैनी, पार्षद, वार्ड 13
परिवार पहचान पत्र में खामियां दूर करने संबंधी लगाए जाने वाले शिविर के बारे में कोई जानकारी है। वार्ड में कोई शिविर नहीं लगाया गया। पीपीपी में खामियों को लेकर लोग परेशान हो रहे हैं। लोग अधिकारियों के पास चक्कर काटने को मजबूर हैं, पर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
जय सिंह लांबा, पार्षद वार्ड 1