फतेहाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार को आवेदन का आखिरी दिन है। इसी बीच विभाग की तरफ से आईटीआई भोडिया खेड़ा को सोलर तकनीशियन की नई ट्रेड मिली है। ये कोर्स दो साल का होगा।
इसके अलावा विभाग की तरफ से आईटीआई भिरड़ाना में ड्रोन पायलट की ट्रेड मिली है। ये कोर्स 6 माह का होगा। हालांकि जाखल की तलवाड़ा आईटीआई को नहीं ट्रेड नहीं मिली है। तलवाड़ा आईटीआई प्रबंधन की तरफ से ड्रेस मेकिंग और फायर सेफ्टी ट्रेड की डिमांड भेजी गई थी।
बता दें कि जिले में पांच सरकारी और 15 निजी आईटीआई हैं। विभाग की तरफ से इच्छुक ऑनलाइन आवेदन विभागीय वेबसाइट www.admission.itiharyana.gov.in पर 20 जून तक कर सकते हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। भोडिया खेड़ा आईटीआई में सबसे ज्यादा 600 सीटें हैं।
आवेदन के लिए इन दस्तावेज की रहेगी जरूरत :
दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण एवं स्थायी निवासी आदि मूल प्रमाण पत्रों की स्कैनड प्रतियां दाखिला फार्म में अपलोड करनी होगी। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास निजी ईमेल आईडी, निजी मोबाइल नंबर, परिवार पहचान पत्र व आधार नंबर होना अनिवार्य है। इसके बाद ही वे आवेदन कर पाएंगे।
आईटीआई में सीटें
आईटीआई व्यवसाय सीटें
राजकीय आईटीआई भोडिया खेड़ा 18 600
राजकीय आईटीआई भिरड़ाना 10 260
राजकीय आईटीआई (महिला) टोहाना 6 180
राजकीय आईटीआई टोहाना 16 560
राजकीय आईटीआई तलवाड़ा 9 200
-
आईटीआई में दाखिले लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। आईटीआई में दाखिले के लिए 165 आवेदन आ चुके हैं।
- रामकुमार गलगट, प्राचार्य, आईटीआई तलवाड़ा
-
आईटीआई भोडिया खेड़ा को एक नई ट्रेड मिली है। विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।
- रमेश कुमार, प्राचार्य, आईटीआई भोडिया खेड़ा