चरखी दादरी। शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार परियोजना को सिरे चढ़ाने की कवायद तेज कर दी गई है। सरकार से इस महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति मिल चुकी है जिसके तहत करीब 32 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार बनने से शहर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा और लोगों को आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
गत 11 अप्रैल को दादरी में आयोजित विकसित दादरी रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थानीय विधायक सुनील सांगवान की मांग पर स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार परियोजना के लिए बजट को स्वीकृति प्रदान की थी जिसके बाद नगर परिषद को इसका बजट मिल चुका है और अब नगर परिषद ने योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। नप की ओर से जल्द ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।
कंक्रीट से बनेंगी सड़कें
नगर परिषद की योजना के अनुसार स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार परियोजना के तहत शामिल क्षेत्रों की सड़कों का निर्माण कंक्रीट से किया जाएगा। इससे सड़कों की गुणवत्ता में सुधार होगा और लंबे समय तक मरम्मत की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही बरसात के दौरान सड़कें क्षतिग्रस्त होने की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके साथ ही सड़कों के साथ में फुटपाथ भी बनाए जाएंगे जिससे पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।
लटकते हुए नजर नहीं आएंगे तार
प्रस्तावित स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार के दायरे में आने वाले क्षेत्र में बिजली के लटकते तार नजर नहीं आएंगे। तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। मुख्यमार्गों पर लगे ट्रांसफार्मर को भी गलियों में शिफ्ट किया जाएगा।
यूटिलिटी क्षेत्र का होगा निर्माण
सड़क के दोनों तरफ करीब एक मीटर चौड़ा यूटिलिटी कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अंदर से बिजली के तार व पाइपलाइन गुजरेंगी। विधायक ने पिछले दिनों अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि यूटिलिटी कॉरिडोर ऐसे हों ताकि भविष्य में एलपीजी की पाइपलाइन इनमें से गुजर सकें। इन सड़कों पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
ये क्षेत्र है परियोजना में शामिल
प्रस्तावित स्मार्ट रोड परियोजना में रविदास नगर से सरदार झाड़ू सिंह चौक, झज्जर घाटी, पंचनद चौक, बधवाना गेट, पुराना झज्जर रोड, भगवान परशुराम चौक से सरदार झाड़ू सिंह चौक आदि को स्मार्ट रोड बनाया जाएगा। वहीं स्मार्ट बाजार परियोजना में भगवान परशुराम चौक से लाला लाजपतराय चौक, मेन बाजार, रेलवे रोड, काठ मंडी आदि क्षेत्र को शामिल किया गया है।
वर्सन :
शहर में स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार के लिए नगर परिषद को 32 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका है। परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। जल्द ही निविदाएं आमंत्रित कर कार्य शुरू करवाया जाएगा। स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार परियोजना पूरी होने के बाद शहर की तस्वीर बदल जाएगी। बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, दादरी।
वर्सन :
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकसित दादरी रैली में शहर में स्मार्ट बाजार और स्मार्ट रोड बनाने के लिए बजट राशि स्वीकृत करने की घोषणा की थी। स्मार्ट बाजार, स्मार्ट रोड बनने से शहर के सुंदरीकरण के साथ-साथ लोगों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। क्षेत्र की जनता को आधुनिक शहर व सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाना उनकी प्राथमिकता है। सुनील सतपाल सांगवान, विधायक, दादरी।