चरखी दादरी। जिले में पिछले चार दिनों से सरसों की खरीद बंद है जबकि किसानों से गेहूं खरीदा जा रहा है। दूसरी ओर उठान की रफ्तार बेहद धीमी है और मंडियों व खरीद केंद्रों पर पड़े अनाज को पशु नुकसान पहुंचा रहे हैं। बुधवार की बात करे तो 14 गोवंश 9 ढेरियों में गेहूं खाते मिले जबकि एक ढेरी पर कुत्ते आराम करते नजर आए। पिछले 24 घंटों की बात करे तो एजेंसी ने करीब आठ हजार क्विंटल सरसों और पांच हजार क्विंटल गेहूं का उठान कराया है।
जिले में पिछले साल की अपेक्षा सरसों और गेहूं की दोगुनी आवक दर्ज की गई है। जिले के पांच खरीद केंद्रों पर अब तक 2.20 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। वहीं, सरसों की अगर बात करे तो अब तक तीन लाख क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। अब तक जिले में गेहूं के 4571 और सरसों के 16279 गेटपास कटे हैं।
दूसरी ओर जिले के ज्यादातर केंद्रों पर अनाज के उठान की रफ्तार धीमी है। जिले की ओवरऑल स्थिति देखे तो किसानों से खरीदी गई 3 लाख क्विंटल सरसों में से 1.43 लाख क्विंटल का उठान हुआ है जबकि 1.56 लाख क्विंटल से अधिक सरसों अभी भी खरीद केंद्रों पर पड़ी है। इसी प्रकार गेहूं की स्थिति देखे तो किसानों से खरीदे गए 2.20 लाख क्विंटल गेहूं में से 1.30 लाख क्विंटल का उठान हो चुका है जबकि 90321 क्विंटल गेहूं अभी भी खरीद केंद्रों पर है।
- सरसों खरीद और उठान की ये है स्थिति
खरीद केंद्र- खरीदी गई सरसों- उठान हुआ- मंडी में शेष
दादरी-207877- 96386- 111491
बाढड़ा-60398-40551-19847
झोझूकलां- 31274-6502- 24772
- गेहूं खरीद केंद्रों की ये है स्थिति
खरीद केंद्र- गेहूं खरीदा- उठान हुआ- केंद्रों पर शेष
दादरी-92703-52300-40403
बाढड़ा-27539-18745-8794
झोझूकलां-5784-31144-2670
छपार-19458-7216- 12242
बौंदकलां-75013-48801- 26212
गेहूं की खरीद अभी जारी है। एजेंसी खरीदे गए गेहूं और सरसों का उठान करवा रही है। पशुओं की समस्या का समाधान मार्केट कमेटी को करना है।
-संदीप देशवाल, मैनेजर हैफेड
मंडी में फसलों की रखवाली के लिए स्पेशल चौकीदार नहीं है। सिक्योरिटी गार्ड और कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से ही पशुओं का बाहर निकलवाते हैं। सब्जी मंडी का गेट खुलने से गोवंश मंडी में पहुंच जाते हैं।
परमजीत नांदल, सचिव, मार्केट कमेटी