चरखी दादरी/बौंदकलां। गांव सांवड़ में युवक पर जानलेवा हमला करने, घर में तोड़फोड़ करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में अपराध शाखा दादरी ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक भी बरामद की हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देशन में मामले की जांच की जा रही थी। 28 जून को थाना बौंदकलां पुलिस को गांव सांवड़ निवासी नितिन के घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए।
पीड़ित नितिन ने शिकायत में बताया कि 27 जून की शाम वह मोटरसाइकिल पर सामान लेने जा रहा था। रास्ते में आठ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 15-20 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर उसके घर में घुस गए जहां तोड़फोड़ की और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
शिकायत के आधार पर थाना बौंदकलां में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। अपराध शाखा के एएसआई विशाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उज्ज्वल उर्फ जुजु, निखिल उर्फ गोलू, नितेश निवासी हिन्डोल, रतन निवासी सांकरोड़, ललित उर्फ एलटी निवासी सांवड़ और रोहित उर्फ गोलिया निवासी सांजरवास को गिरफ्तार किया।