चरखी दादरी। कबीर नगर निवासी रोहित उर्फ माजरिया से अवैध हथियार बरामदगी मामले में स्पेशल स्टाफ ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार है। आरोपी गौरव उर्फ शूटर अकेहड़ी गांव का रहने वाला है और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। उससे पहले भी पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को काबू कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 16 अगस्त को स्पेशल स्टाफ टीम ने गैरआबाद सेक्टर क्षेत्र से कबीर नगर निवासी रोहित उर्फ माजरिया को दबोचा था। उसके पास से एक देसी पिस्तौल, चार देशी कट्टा व 11 कारतूस बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी रोहित ने पुलिस को बताया था कि अकेहड़ी निवासी गौरव, अंकित उर्फ अंकु और मिसरी निवासी रोचक से उसने अवैध हथियार खरीदे थे।
इसके बाद पुलिस ने पहले आरोपी सचिन उर्फ रोचक और कितलाना निवासी साहिल को काबू किया। अब हेड कांस्टेबल ओमबीर की टीम ने मुकदमें में वांछित आरोपी गौरव उर्फ शूटर को काबू कर लिया है।