संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। साहुवास गांव निवासी एक पशुपालक के बाड़े से अज्ञात ने भेड़-बकरी व उनके बच्चे चोरी कर लिए। पशुपालक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कार सवार चोर उसकी भेड़-बकरी ले गए।
पशुपालक हरपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंदिर जोहड़ के पास उसने पशुबाड़ा बना रखा है। अपनी भेड़-बकरियों को इसमें रखता है। 9 मार्च की शाम करीब आठ बजे वह खाना खाने बाड़े से घर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो उसे चार भेड़-बकरी और 9 बच्चे चोरी मिले। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह घर से बाड़े में आ रहा था तो उसे तेज गति से कार जाती नजर आई थी। उसे अंदेशा है कि कार सवार उसकी भेड़-बकरी चोरी करके ले गए हैं।