चरखी दादरी। चरखी गांव स्थित शराब ठेके पर तोड़फोड़ कर रुपये चुराने के सातवें आरोपी स्थानीय निवासी सविन को सदर थाना पुलिस टीम ने काबू किया है। उसकी गिरफ्तारी चार साल आठ माह बाद हो पाई है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि चरखी निवासी सोनू ने चार साल पहले पुलिस को ठेके पर आकर उत्पात मचाकर रुपये चोरी करने की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि चरखी गांव में उनका देसी और अंग्रेजी शराब का उप ठेका था। उसका संचालन वह अपने साथियों के साथ करते थे। आरोपियों ने 16 जून 2020 को शराब ठेके पर तोड़फोड़ कर गल्ले से 20,000 रुपये भी निकाल लिए। उनके साथी सतीश ने फोन से उन्हें सूचना दी तो वह भी मौके पर पहुंचे। आरोपियों के हाथों में डंडे और अन्य हथियार भी थे। शिकायत के आधार पर दादरी सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सुनील उर्फ सोनू, सत्यदेव, विकास उर्फ विक्की, अक्षय उर्फ शहजादा, सरवर और मोहित उर्फ मनेश को गिरफ्तार किया था। इस मामले में सातवां आरोपी चरखी निवासी सविन फरार था, जो अब पुलिस के हत्थे चढ़ा है।