पुलिस गिरफ्त में कैथल निवासी तस्कर बलबीर।
चरखी दादरी। सीआईए ने मध्य प्रदेश से कैथल तक चूरा पोस्त की तस्करी मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कैथल के गांव किठाना निवासी बलबीर के रूप में हुई है। बलबीर तस्करी के मामले का मुख्य आरोपी था और उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि 25 जून को सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि कैथल के किठाना निवासी बलबीर चूरा पोस्त तस्कर है। वो रानीला निवासी संजय से तस्करी करवाता है और संजय इस समय समसपुर टी-प्वाइंट पर खड़ा होकर किसी का इंतजार कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी संजय को दबोच लिया था। उसके कंटेनर से पुलिस ने 39.550 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने संजय को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया था।
रिमांड अवधि के दौरान संजय ने बताया कि चूरा पोस्त बलबीर ने मध्य प्रदेश से मंगवाया था और उसे इसे कैथल में पहुंचाना था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए टीम ने मामले के मुख्य आरोपी बलबीर को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।