चरखी दादरी। हुई गांव निवासी स्कूटी सवार देवर-भाभी पर जानलेवा हमला करने के मामले में बाढड़ा थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हुई निवासी सचिन के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में काकड़ौली हुक्मी निवासी सोनू उर्फ डॉन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी सचिन को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि हुई निवासी महेश उर्फ टीटा ने बाढड़ा थाना में शिकायत दी थी कि वर्ष 2008 में हुई निवासी प्रताप की काकडौली हुक्मी शराब ठेका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसे, रमेश पुत्र अनूप व सत्यव्रत उर्फ मुन्ना को 20 साल की सजा हुई थी। वह चंडीगढ़ हाईकोर्ट से जमानत लेकर बाहर आया था।
विज्ञापन
महेश उर्फ टीटा ने बताया था कि 20 अक्तूबर को वह भाभी रोशनी को दवा दिलाने के लिए स्कूटी पर सवार होकर बाढड़ा गया था। वहां से लौटते समय जब वे जेवली के कच्चे रास्ते के सामने पहुंचे, तो सामने से संदीप पुत्र हरबीर व संदीप पुत्र अनिल बाइक पर सवार होकर आए और उनकी स्कूटी के सामने लगा दी। इतने में पीछे से एक बाइक पर सचिन व एक अन्य लड़का आया और उन पर हमला कर दिया। महेश ने बताया कि सचिन ने कुल्हाड़ी उसके हाथ पर मारी। बीच-बचाव करने पर उसकी भाभी रोशनी पर भी हमला कर दिया। सचिन के साथी युवक ने फायर कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 6 नवंबर 2023 को एएसआई विशाल की टीम ने आरोपी सोनू उर्फ डॉन को काबू किया था। अब पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया।