पुलिस की गिरफ्त में रंगदारी मांगने का दूसरा आरोपी हर्ष कुमार।
चरखी दादरी। शहर निवासी एक व्यापारी को कॉल कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के पिलानी निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है। हर्ष ने ही मुख्य आरोपी विकास को पिस्तौल उपलब्ध कराई थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नौ मई को शहर पुलिस थाने में एक शिकायत मिली थी। इसमें शहर निवासी प्रवीन ने बताया था कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। छह और नौ मई को उनके पास कॉल आई। इसमें तीन-चार युवकों ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
उस वक्त एक युवक ने वीडियो भेजा और इसमें वह एक पिस्तौल लहराते हुए धमकी देता है। उसने कहा कि वह जेल से बात कर रहा है। रुपये नहीं दिए तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। इसमें आरोपी ने रंगदारी मांगना रुपयों की जरूरत बताई।
रिमांड में आरोपी विकास ने बताया कि उसे पिलानी निवासी हर्ष ने देसी पिस्तौल उपलब्ध कराई थी। सोमवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया और आदेशानुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।