पातुवास बस स्टैंड के समीप एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार शिक्षक की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के भतीजे के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में झज्जर जिले के ढलानवास गांव निवासी नीरज ने बताया कि सोमवार को वह अपने चाचा हंसराज के साथ स्कूटी पर किसी काम से दादरी आ रहा था। स्कूटी उसका चाचा हंसराज चला रहा था। नीरज ने बताया कि जब वो पातुवास बस स्टैंड के समीप पहुंचे तो एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उसका चाचा हंसराज गंभीर रूप से चोटिल हो गया और राहगीरों की मदद से उसने उन्हें उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद हंसराज को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नीरज के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक हंसराज झमारी राजकीय स्कूल में शिक्षक था।