चरखी दादरी। अटेला के समीप लोहारू कैनाल पर रविवार शाम हुए हादसे ने हड़ौदी निवासी दंपती संजय और सुमन को जीवनभर का दर्द दे दिया। हादसे में उन्होंने अपने दो बेटे अविनाश और अरविंद खो दिए और निसंतान हो गए। संजय भी अपने पिता का इकलौता बेटा है। बेटों को खो देने से दंपती का रो-रोकर बुरा हाल है।
दरअसल, अरविंद और अविनाश बरसाना मोड़ स्थित एसईडी स्कूल में पढ़ते थे। अरविंद बड़ा था, जबकि अविनाश उससे दो साल छोटा था। दोनों कक्षा दस में पढ़ते थे। रविवार शाम दोनों को उनकी मां सुमन ने गांव के समीप स्थित अटेला में एक टेलर के पास सूट लेने के लिए भेजा था। दोनों नहर के रास्ते वहां गए थे। वहां पहुंचने के बाद दोनों ने सूट लिया और वापस घर के लिए चल पड़े। इसके बाद वो एक दुकान पर रुके और वहां से उन्होंने कोल्ड ड्रिंक और कुरकुरे ले लिए। इसके बाद वो दोनों नहर किनारे बैठ गए और कोल्ड ड्रिंक के साथ कुरकुरे खाने लगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों संतुलन बिगड़ने से नहर में गिरे या फिर एक को बचाने के प्रयास में दूसरा भी नहर में गिर गया। हालांकि हादसे के कारण की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वहीं, इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण संजय के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बंधाते नजर आए। ग्रामीणों के अनुसार संजय के परिवार में इस तरह का पहला हादसा है।
दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजन आए नहर पर
शाम करीब सात बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें तलाशते हुए नहर पर पहुंच गए। वहां उन्हें एक पॉलीथिन पड़ी मिली जिसमें सूट मिला। इसके अलावा नहर किनारे उन्हें कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतल और कुरकुरे का खाली पैकेट मिला। सूट की पॉलीथिन देखकर परिजनों को उनके नहर में डूबने का अंदेशा हुआ।
अरविंद फंसा मिला जाल में तो अविनाश कीचड़ में
अरविंद और अविनाश के नहर में डूबने का अंदेशा होने पर बरसाना से नहर में पानी बंद करवाया गया। इसके बाद अन्य ग्रामीण और गोताखोर भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सर्च अभियान चलाया गया। अरविंद का शव जाल में और अविनाश का शव नहर की तलहटी में कीचड़ में धंसा मिला। दोनों के शव देर रात ही दादरी सिविल अस्पताल भेजे गए।
जून माह में हुए थे ऐसे दो हादसे
गत 10 जून को दोस्तों संग नहर पर नहाने गया मैहड़ा निवासी लक्की भी डूब गया था। उसका शव नहर से अगले दिन बरामद हुआ था। वहीं, गत 12 जून को मिसरी निवासी 12वीं कक्षा का छात्र सोमबीर घिकाड़ा पंप हाउस पर दोस्तों के साथ नहाने आया था। उस दौरान वो पैर फिसलने से डूब गया।
रविवार रात ही दोनों शव नहर से बरामद हो गए थे। सोमवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतकों का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है।
-कप्तान सिंह, थाना प्रभारी, बाढड़ा