चरखी दादरी। त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्र स्थित तीन मिष्ठान भंडार से मिठाइयों के सैंपल लिए। विभाग की इस कार्रवाई से मांढ़ी हरिया व झोझूूकलां स्थित मिष्ठान भंडार संचालकों में हड़कंप मच गया। यहां से लिए गए सैंपल को टीम ने जांच के लिए लैब में भेज दिया है और इनकी रिपोर्ट अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षक डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि त्योहार को देखते हुए विभाग की टीम ने विभिन्न जगहों पर औचक निरीक्षण कर खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी मिठाइयों व खाद्य सामग्री की बिक्री होने के अंदेशे पर यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मांढी हरिया स्थित दुकान से पेठे की मिठाई का सैंपल लिया गया। इसके बाद झोझूकलां स्थित दो मिष्ठान भंडार से भी सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और टीम का प्रयास रहेगा की त्योहारी सीजन के मद्देनजर पूरे जिले को कवर किया जाए।
मिलावट खाद्य सामग्री बेचने की दें सूचना
डॉ. दीपक चौधरी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई मिलावटी मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री बेचता है तो इसकी सूचना तत्काल फूड सेफ्टी विभाग को दें। इसके तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।