बीडीपीओ कार्यालय के समक्ष आयोजित धरने पर नारेबाजी करते हुए सफाई कर्मचारी।
बाढड़ा। सफाईकर्मियों ने मांगों के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के समक्ष सोमवार को तीसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि 20 मई तक खंड कार्यालयों पर रोष प्रदर्शन होगा। 24 व 25 मई को प्रदेश भर के कर्मचारी नरवाना में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। सीटू नेता सुमेर सिंह ने कहा कि सरकार श्रम कानूनों के नाम पर बड़ा बजट तो आवंटित कर देती है जबकि यह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के उत्थान की बात करती है जबकि दूसरी तरफ पूंजीपति घरानों के हितों की रक्षा कर रही है। लेबर कोड्स लागू करना भी इसी नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी लंबे समय से मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को ग्रामीण सफाईकर्मियों को पक्का करना चाहिए। 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन देना चाहिए। सफाई कर्मचारी एवं सीवरमैन की स्थायी भर्ती की जानी चाहिए। प्रदर्शन में मजदूर नेता रोशनलाल, मनफूल सिंह, रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, सुभाष, धर्मवीर, राजकुमार, संदीप, जयभगवान आदि मौजूद रहे।