वार्ड-16 स्थित घर में जागरूकता के लिए पंफलेट देते नगर परिषद टीम कर्मचारी। संवाद
- चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बैठक में सफाई कर्मचारियों और पदाधिकारियों को दिए निर्देश, सीसीटीवी से पहचान कर करेंगे चालान
- कचरा फेंकने वालों के घर पहुंचेगा 500 से 5 हजार तक का चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में सड़क पर कचरा फेंकने वाले लोगों पर अब सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। कचरा डालने वाले की पहचान कर घर पर चालान भेजा जाएगा। इसके लिए नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें यह निर्णय लिया गया।
एसबीएम प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था के लिए नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने सफाई शाखा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में चेयरमैन ने मुख्य बाजार में सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। काफी दिनों से नगर परिषद की परिषद की ओर से बाजार में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अब अगले सप्ताह से टीम चालान शुरू करेगी।
इसके लिए चौक-चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। खुले में कचरा डालने वाले लोगों की पहचानकर उन पर 500 रुपये से 5 हजार तक का जुर्माना लगाया जाएगा। यह चालान नागरिकों के घर पहुंचेगा। वार्ड-16 पार्षद प्रतिनिधि जतिन फोगाट की ओर से भी सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
वर्सन:
बैठक में शहर की सफाई के लिए चर्चा की गई। सफाई शाखा के पदाधिकारियों को सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अब शहर में सीसीटीवी से कचरा फेंकने वालों की पहचान कर जुर्माना लगाया जाएगा।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद