चरखी दादरी। जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिये एक व्यक्ति से 4,65,206 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
गांव भांडवा निवासी संदीप कुमार ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई का अमिक बताया और शेयर बाजार में ऑनलाइन शेयर खरीदने व बेचने का काम करने का दावा किया। आरोपी ने संदीप को गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश कर घर बैठे भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।
शुरुआत में उन्होंने मना कर दिया लेकिन आरोपी लगातार संपर्क में बना रहा। आरोपी व्हाट्सएप पर सस्ते दामों पर शेयर खरीदकर ऊंचे दामों में बेचने के स्क्रीनशॉट और मैसेज भेजकर प्रलोभन देता रहा। झांसे में आकर गत 27 सितंबर को पीड़ित ने उक्त नंबर पर संपर्क किया।
ठग ने शेयर खरीदने के नाम पर 4,65,206 रुपये की यूएसडीटी खरीदने को कहा। इसके बाद ठग ने फेडरल बैंक और दुर्र्स बैंक के दो अलग-अलग बैंक खाते नंबर भेजे। पीड़ित ने बताए गए खातों में कुल 4,65,206 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब पीड़ित ने व्हाट्सएप पर शेयर खरीदने की जानकारी लेनी चाही तो आरोपियों ने आनाकानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर और नंबर ब्लॉक कर दिया।
पीड़ित को ठगी का एहसास होने पर पीड़ित संदीप कुमार ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि चरखी दादरी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर के आधार पर कार्रवाई की।