चरखी दादरी। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से रोहतक रोड फाटक पर बनाए जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है। लोनिवि ने निविदा खोल दी है। आरओबी निर्माण में 10 एजेंसियों ने दिलचस्पी दिखाई है। अब विभागीय अधिकारियों ने एक एजेंसी का नाम तय करने के लिए निविदा संबंधी जानकारी मुख्यालय भेज दी है। यह कार्य 15 सितंबर तक शुरू करने की तैयारी है। आरओबी बनने से डेढ़ दशक पुरानी मांग पूरी होगी और रोजाना 30,000 वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
लंबे इंतजार के बाद लोनिवि ने रोहतक रोड फाटक पर बनने वाले आरओबी की निविदा जून के अंतिम सप्ताह में आमंत्रित की थी। ये निविदा हाल ही में खोली गई। इसके लिए पहली बार में ही दस एजेंसियों ने आरओबी बनाने में रुचि दिखा आवेदन किया है। विभागीय अधिकारियों ने निविदा में अधिक एजेंसियों का आवेदन करना सराहनीय बताया है।
पहली बाधा दूर होने के बाद अब जल्द ही एक एजेंसी का नाम मुख्यालय की ओर से तय किया जाएगा। अगले दो सप्ताह के अंदर ये प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद एक माह के अंदर कार्यादेश जारी करने संबंधी औपचारिकता पूरी कर 15 सितंबर तक धरातल पर काम शुरू करवा दिया जाएगा। रोहतक रोड फाटक पर आरओबी बनाने की मांग 15 साल पुरानी है। करीब डेढ़ माह पहले लोनिवि ने इस परियोजना की डीएनआईटी तैयार की और उसके बाद रेलवे ने अपने हिस्से का काम करवाने के लिए 27 जून को निविदा आमंत्रित की थी। अब विभाग की ओर से निविदा खोली गई है।
- 940 मीटर लंबा बनेगा आरओबी
शहर में बनने वाले तीसरे आरओबी की लंबाई करीब 940 मीटर रहेगी। 880 मीटर लंबाई में आरओबी निर्माण कार्य लोनिवि करवाएगा जबकि रेलवे लाइनों के ऊपर 60 मीटर का काम रेलवे विभाग की ओर से करवाया जाएगा। ये आरओबी फोरलेन बनेगा, जिससे यहां जाम की समस्या का समाधान होगा। आरओबी के बीच डिवाइडर बनेगा। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनेंगे। दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर और फुटपाथ की चौड़ाई डेढ़ मीटर रहेगी।
- ओवरब्रिज निर्माण पर आएगी 78 करोड़ की लागत
आरओबी तैयार होने में करीब 78 करोड़ रुपये लागत आएगी। इसमें से 40 करोड़ रुपये लोनिवि और 18 करोड़ रुपये रेलवे विभाग की ओर से खर्च होंगे। बाकी 20 करोड़ रुपये वन विभाग, बिजली निगम और अन्य विभागों के कामों में खर्च होंगे।
- 15 साल पहले तैयार हुई थी कार्ययोजना, कई बार हुआ फेरबदल
रोहतक फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की योजना करीब डेढ़ दशक पहले कांग्रेस शासनकाल में तैयार हुई थी। उस दौरान इस परियोजना को रोक दिया गया। सत्ता में आने के बाद भाजपा ने इसका प्रस्ताव दोबारा मांगा। पहले दो-लेन आरओबी के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया था। इसके बाद चार साल तक मामला लंबित रहा। बाद में सरकार ने विभाग से संशोधित प्रस्ताव मांगा। बजट राशि बढ़ाकर 45 करोड़ रुपये की गई। लोनिवि की ओर से सरकार को भेजे गए तीसरे प्रस्ताव में यह राशि बढ़कर करीब 78 करोड़ रुपये पहुंच गई।
रोहतक रोड फाटक पर बनने वाले आरओबी के निर्माण कार्य की निविदा खोल दी गई है। इसके लिए 10 आवेदन आए हैं। जल्द ही मुख्यालय की ओर से इनमें से एक एजेंसी का नाम तय कर लिया जाएगा। करीब 15 सितंबर तक आरओबी का निर्माण कार्य शुरू करवाने की योजना है। – अश्वनी भारद्वाज, एसडीओ, लोनिवि, चरखी दादरी।