चरखी दादरी डिपो के महाप्रबंधक नवीन शर्मा को ज्ञापन सौंपते डिपो कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और कर्
चरखी दादरी। महेंद्रगढ़ जिले के गांव उन्हानी में स्कूल बस के हादसे पर हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने विशेष मुहिम शुरू करने का निर्णय लिया है। संघ के राज्य प्रवक्ता सुधीर अहलावत ने चरखी दादरी डिपो महाप्रबंधक को इसकी लिखित जानकारी दी है। संघ ने जिम्मेदारी हमारी भी अभियान के तहत चालकों, स्टाफ सदस्यों, चालक प्रशिक्षण स्कूल में प्रशिक्षकों को जागरूक करने के लिए मुहिम शुरू करने की बात कही है।
सुधीर अहलावत ने कहा कि हादसों को रोकना हम सबका दायित्व है। इस हादसे से सबक लेकर कर्मचारी संघ जल्द ही अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत रोडवेज कर्मचारी स्कूलों और ड्राइविंग संस्थानों में जाएंगे। आमजन एवं चालकों को यातायात नियमों और सुरक्षा संबंधित नियमों की जानकारी देंगे। नैतिक जिम्मेदारियों के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने गांव उन्हानी में स्कूल बस हादसे पर संवेदना जताते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश के लिए बेहद दुखद रही। इसलिए स्कूल संचालकों को अपनी कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
रोडवेज कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, जिम्मेदारी के साथ गाड़ी चलाने और नशे का त्याग करने की अपील की है। इस दौरान भूपेंद्र ऊण, संदीप गुर्जर, नवरतन शर्मा डीआई, संजय उप निरीक्षक, जगफूल आदि रहे।