संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर स्थित शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाई करने के लिए दूर-दराज गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को रोजाना स्कूल-कॉलेज पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कारण यह है कि निजी परिवहन समिति की बसों में रोडवेज विभाग की ओर से जारी किए गए बस पास मान्य नहीं किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि रोडवेज की सीमित बसें समय पर उपलब्ध नहीं हो पातीं और जब वे मजबूरी में निजी बसों का रुख करते हैं, तो परिचालक रोडवेज के बस पास को मानने से इन्कार कर देते हैं। इससे वे न केवल वे देरी से संस्थान में पहुंचते हैं, बल्कि, मानसिक तनाव का भी सामना करते हैं।
छात्राओं ने बताया कि कुछ निजी बस परिचालक बदसलूकी पर उतर आते हैं और बस के रुकने पर खिड़की के पास हाथ अड़ा देते हैं, यह कहते हुए कि वे केवल रोडवेज की बसों में ही यात्रा करें। ऐसे व्यवहार से छात्राएं असहज महसूस करती हैं। इस कारण उनकी पढ़ाई भी बाधित हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया तो उनकी शिक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि रोडवेज पास को परिवहन समिति की बसों में भी मान्य करवाया जाए। ताकि, वे सुरक्षित और समय पर शिक्षण संस्थानों तक पहुंच सकें। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।