चरखी दादरी। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से गत जुलाई माह में आयोजित की गई सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की एक दिवसीय परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। दादरी जिला का सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम 65.98 प्रतिशत रहा जबकि सीनियर सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम 69.14 प्रतिशत रहा। सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी कक्षा में पास प्रतिशत के मामले में चरखी दादरी जिला पूरे हरियाणा में पांचवे नंबर पर रहा।
गत 31 जुलाई को 126 केंद्रों पर इस एक दिवसीय परीक्षा का आयोजन करवाया गया था। इस परीक्षा में पूरे प्रदेश से 61707 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं, अगर दादरी जिले की बात की जाए तो जिले में सेकेंडरी प्राइवेट परीक्षा में 679 विद्यार्थी प्रविष्ट हुए थें, जिनमें से 448 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की जबकि 153 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हो गए। वहीं, 78 विद्यार्थियों को रिअपीयर होना पड़ेगा।
इसी प्रकार से सीनियर सेकेंडरी प्राइवेट परीक्षा में जिले भर से 567 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 392 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की, जबकि 62 विद्यार्थी इस परीक्षा में फेल हो गए और 113 विद्यार्थियों को परीक्षा में दोबारा रिअपीयर होना पड़ेगा।
- दोबारा जांच के लिए 20 दिनों में करे आवेदन
जिन विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिका की पुन: जांच करवानी है वो परिणाम के घोषित होने के बाद 20 दिनों के अंदर निर्धारित फीस के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों को भर्ती या फिर किसी अन्य जरूरी काम के लिए अपने रिजल्ट का प्रमाण पत्र चाहिए वो विद्यार्थी स्कूल से अथॉरिटी लेटर लेकर 16 अगस्त को बोर्ड कार्यालय से प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते है।