चरखी दादरी। वार्ड-7 के तीन हजार लोग सीवर और पेयजल समेत जर्जर गलियों, स्ट्रीट लाइटों की कमी व बंदरों की समस्या से त्रस्त हैं। वार्ड वासियों का आरोप है कि जन स्वास्थ्य और नगर परिषद के अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं जिसके चलते उन्हें प्रतिदिन परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों के रवैये के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि लंबा समय बीतने के बाद भी वार्ड में बनीं जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
वार्ड 7 में पुरानी अनाज मंडी, रेलवे रोड, गुरुद्वारा रोड और वैश्य कन्या स्कूल के सामने पिछले करीब तीन माह से सीवर व्यवस्था बेपटरी है। इसके चलते यहां दूषित पानी भरा हुआ है और स्थानीय लोगों व दुकानदारों समेत राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा दूषित पेयजल आपूर्ति भी वार्ड की मुख्य समस्या है। लोगों का कहना है कि जो पानी सप्लाई के समय घरों में पहुंचता है वो पीने लायक नहीं है। लोगों ने बताया कि कई घरों में तो पेयजल आपूर्ति के समय सीवर का दूषित पानी पहुंच रहा है। इस समस्या की कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक नतीजा सिफर है।
वार्ड के लोगों ने बताया कि वार्ड में करीब पांच तंग गलिया हैं और यहां से नियमित कचरे का उठान नहीं हो रहा। घर के बाहर नप का वाहन न पहुंचने से लोग खाली जगहों पर कचरा फेंक रहे हैं जिसका कई दिनों तक उठान नहीं होता। उन्होंने नप अधिकारियों से सफाई व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड में चार गलियां जर्जर हैं और इनका भी नगर परिषद को पुनर्निर्माण कराना चाहिए।
पांच हजार है वार्ड की आबादी
वार्ड-7 की अगर आबादी देखें तो करीब पांच हजार है। अहम बात यह है कि वार्ड का 60 फीसदी हिस्सा बाजार है और यहां लंबे समय से सीवर का काला व बदबूदार पानी भरा है। इस समस्या को लेकर दुकानदार रोड जाम तक कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी हालात जस के तस है।
लोग बोले : परेशानी झेलने के साथ दुकानदारी हो रही प्रभावित
- रेलवे रोड पर सीवर समस्या कई माह से बनी है और अब तक जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समाधान नहीं कर पाए हैं। करीब 200 दुकानदार परेशान हैं और इसका असर ग्राहकी पर पड़ रहा है।
अनिल कुमार, दुकानदार
वार्ड में सीवर मिक्स पानी की आपूर्ति हो रही है। यह समस्या पिछले करीब तीन माह से बनी है। सप्लाई में जो पानी आता है वो घरों में प्रयोग करने लायक नहीं है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधन नहीं हुआ।
कृष्ण कुमार, वार्डवासी
वार्ड की तंग गलियों में कचरा उठाने वाली गाडियां नही पहुंचने से कचरे के ढेर लगे हुए हैं। एक सप्ताह से लगे गंदगी के ढेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नगर परिषद को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
राजकुमार, वार्डवासी
वार्ड की पुरानी सब्जी मंडी के पीछे स्थित वैश्य कन्या स्कूल के पास कई दिनों से सीवर मैनहोल का ढक्कन टूटा हुआ है। यहां से सुबह और शाम विद्यार्थी गुजरते हैं। विभाग की लापरवाही के चलते हादसा हो सकता है।
राजेश कुमार, वार्डवासी
सीवर और पेयजल समस्या का समाधान जल्द कर दिया जाएगा। व्यवस्था में सुधार के लिए हम प्रयास कर रहे हैं और हमारी टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगी हुई हैं।
रमेशचंद्र गौड़, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग
सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए हम जल्द ही एजेंसी हायर करने जा रहे हैं। तब तक कचरा उठान की वार्ड में हम वैकल्पिक व्यवस्था करवा देंगे।
बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद