प्रथम पेज के लिए एंकर
-शहर के लिए 6 टीमों का गठन, गांवों में सौंपी लाइनमैन को जिम्मेदारी
-जिले में हैं एक लाख 70 हजार बिजली उपभोक्ता, बिजली की खपत है 8 करोड़ 60 लाख यूनिट
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बिजली निगम ने जिलेभर में बिजली आपूर्ति दुरुस्त बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। खासकर दिवाली पर्व को देखते हुए बिजली की निरंतर व निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर में छह टीमें बनाई गई हैं जो 24 घंटे निगरानी करेंगी।
गांवों में यह जिम्मेदारी लाइनमैन को दी गई है जबकि हर फाॅल्ट पर तुरंत कार्रवाई के लिए डिविजन स्तर पर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति के कोई भी कर्मचारी अपना सेंटर नहीं छोड़े।
शहर में इस समय करीब 18 हजार बिजली उपभोक्ता हैं, जिन्हें 1,300 ट्रांसफार्मर और 860 मिनी ट्रांसफार्मर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। शहर में कुल 12 फीडर सक्रिय हैं। पूरे जिले में लगभग 1 लाख 70 हजार उपभोक्ता और 11,200 ट्रांसफार्मर हैं। इनके माध्यम से लगभग 8.60 करोड़ यूनिट मासिक बिजली की आपूर्ति होती है।
त्योहारी सीजन में बिजली की खपत सामान्य से 10 से 15 प्रतिशत अधिक हो जाती है, जिसे देखते हुए ओवरलोड ट्रांसफार्मर को बदलने और जरूरत के अनुसार नया केबल बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच और आपूर्ति की जा रही है, वहीं पुराने जंपरों को बदला जा रहा है।
बिजली निगम शहर के दोनों मुख्य पावर सब स्टेशनों चरखी पावर स्टेशन और रेलवे रोड स्थित स्टेशन के साथ-साथ घसोला पावर स्टेशन से भी बिजली आपूर्ति करता है। निगम के अनुसार, सभी ट्रांसफार्मरों की मरम्मत दिवाली से पहले पूरी कर ली जाएगी ताकि न केवल त्योहार के दौरान बल्कि सर्दियों में भी निर्बाध आपूर्ति जारी रह सके।
रिजर्व ट्रांसफार्मर भी रखे गए हैं तैयार
जिलेभर में करीब 55 फीडर के जरिए बिजली की आपूर्ति की जाती है। सर्दियों में सुबह-शाम बिजली लोड बढ़ने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होती है, जिसे देखते हुए पहले से ही सावधानी बरती जा रही है। निगम के अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। रिजर्व ट्रांसफार्मर भी तैयार रखे गए हैं।
बदले जा रहे पुराने जंपर
इस समय कर्मचारी पुराने जंपर बदल रहे हैं। ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की आपूर्ति की जा रही है। शहर में वैसे तो 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है जबकि फॉल्ट ज्यादा मात्रा में आने की वजह से आपूर्ति ज्यादा प्रभावित रहती है। शहर की प्रतिदिन की बिजली खपत पौने तीन लाख यूनिट है। कर्मचारी शहर व गांवों में बारी-बारी से फीडर वाइज मरम्मत का काम पूरा करेंगे।
वर्जन
निगम ने कर्मचारियों की टीमें बना दी हैं, जो मरम्मत वर्क करने में जुटी हैं। गांवों में लाइनमैन की जिम्मेदारी लगाई गई है। निगम दिवाली पर 48 घंटे लगातार बिजली की आपूर्ति करेगा। उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
-अविनाश यादव, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम
फोटो 15 - नगर में बिजली लाइन की मरम्मत करते कर्मचारी। संवाद