फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 1.05 करोड़ से 21 वार्डों में होंगे मरम्मत कार्य, सभी स्ट्रीट पोल पर लगेंगी तिरंगा लाइट

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। करीब दो माह बाद नगर परिषद हाउस की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें 1.05 करोड़ रुपये से सभी 21 वार्डों में मरम्मत कार्य कराने समेत 18 एजेंडों पर मुहर लगी। खास एजेंडा शहर के स्ट्रीट लाइट पोल पर सौंदर्यीकरण के लिए तिरंगा लाइटें लगाने का रहा। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में कुछ पार्षदों ने चेयरमैन बक्शीराम सैनी पर भाई-भतीजावाद के तहत काम करने का आरोप भी लगाया।
विज्ञापन

तय समय के अनुसार सुबह 11 बजे बैठक शुरू हुई। चेयरमैन बक्शीराम सैनी के कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी 21 पार्षद मौजूद रहे। शुरुआत में फोटो खिंचवाने के बाद चेयरमैन ने मीडिया कर्मियों को बाहर जाने की बात कही। यह बात सुनकर पार्षद बिफर पड़े। पार्षद जय सिंह लांबा, सुधीर स्वामी, सतबीर चौहान समेत अन्य पार्षदों ने इस फैसले का विरोध किया। मीडियाकर्मियों के बाहर जाते ही पार्षदों ने पार्षद प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर सवाल उठाए और उन्हें भी बाहर भेजने की मांग की।
इसके बाद पार्षद प्रतिनिधि भी बाहर आ गए। हालांकि इसके बाद उन्होंने मीडिया के समक्ष अपनी टीस बयां की। पार्षद प्रतिनिधियों ने बताया कि चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने उन्हें फोन कर बैठक में बुलाया था और बाद में उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। वहीं, मीडियाकर्मियों और पार्षद प्रतिनिधियों के बाहर जाने के बाद बैठक शुरू की गई।
विज्ञापन

पार्षदों ने चेयरमैन पर चहेते पार्षदों के वार्डों में ही मरम्मत कार्य कराने का आरोप लगाया। इस पर चेयरमैन ने कहा कि सभी 21 वार्डों में पांच-पांच लाख से मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। नगर परिषद के पास इस समय 17 करोड़ का बजट है और इस बजट से ही ये कार्य करवाए जाएंगे। इसके अलावा जल्द ही अन्य विकास कार्यों के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। डेढ़ घंटे बाद करीब साढ़े 12 बजे बैठक समाप्त हुई।

एक लाख से ठीक कराई जाएगी स्वीपिंग मशीन
बैठक में पिछले लंबे समय से खराब खड़ी स्वीपिंग मशीन को ठीक कराने का एजेंडा भी पास हुआ। चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बताया कि करीब एक लाख रुपये से स्वीपिंग मशीन ठीक होगी और इसके बाद सफाई के लिए मशीन को सड़कों पर उतारा जाएगा।

सौंदर्यीकरण की ये है योजना
नगर परिषद ने शहर का सौंदर्यीकरण कराने की योजना भी तैयार की है। इसके लिए एक एजेंसी हायर की गई है। इसके तहत शहर में आई लव दादरी नाम से सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे जबकि स्ट्रीट पोल पर तिरंगा लाइटें लगाई जाएंगीं। लाइट लगाने के मद पर करीब साढ़े 13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

- ये एजेंडे भी बैठक में हुए पास
. शहर में एलईडी लाइटें लगाना।
. पशु मेला में हुए खर्च की अदायगी करना।
. 26 जनवरी के कार्यक्रम में हुए खर्च के बिल पास करना।
. रोज गार्डन में घास काटने के लिए चार मशीनें खरीदी जाएंगी।
. फायर स्टेशन के समीप दुकानें बनाई जाएंगी।
. महेंद्रगढ़ सामुदायिक भवन के पास नगर परिषद कार्यालय बनाने।

वर्जन:: बैठक में करीब 18 एजेंडे पास हुए हैं। इनमें मरम्मत कार्यों और सौंदर्यीकरण के एजेंडे भी शामिल हैं। सभी वार्डों में पांच-पांच लाख रुपये से मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें