माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है। यह परीक्षा कानून स्नातकों के लिए एक अनिवार्य प्रमाणन परीक्षा है। इसे पास करने के बाद ही वे भारतीय अदालतों में वकालत करने के पात्र होंगे।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार बार काउंसिल ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट barcouncilofindia.org पर 28 अक्तूबर तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। 29 अक्तूबर तक फीस का भुगतान किया जा सकता है। वहीं, 15 नवंबर को एडमिट कार्ड जारी होंगे और 30 नवंबर को परीक्षा संपन्न होगी।
पंजीकरण के समय उम्मीदवारों को अपने शैक्षिक दस्तावेज, बार काउंसिल रजिस्ट्रेशन नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। साथ ही, आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
एआईबीई एक ओपन बुक परीक्षा होती है, जिसमें उम्मीदवारों की कानून से संबंधित जानकारी का आकलन किया जाता है। हरियाणा में इसके केंद्र हिसार और गुरुग्राम बनाए गए हैं। राजधानी चंडीगढ़ भी परीक्षा का केंद्र होगी।