चरखी दादरी। गांव खेड़ी बूरा निवासी एक व्यक्ति ने दो लोगों पर रुपये लेने के बावजूद भी गाड़ी न देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसपी कार्यालय में दी है जिसके आधार पर सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी कार्यालय में दी शिकायत में पीड़ित अजय ने बताया कि उसने दो व्यक्तियों से दस लाख में एक गाड़ी खरीदी थी। आरोपियों ने गाड़ी उसके नाम करा दिया, लेकिन उस समय गाड़ी बाहर गई हुई थी। आरोपी ने उससे कहा कि ट्राॅला आते ही वह उन्हें सौंप देगा। लेकिन हर बार वह झूठा आश्वासन देता रहा। उसने बताया कि उसने इस संबंध में सदर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन आईओ ने कहा कि गाड़ी का पता लगाए वह उन्हें दिलवा देगा। 16 जून को रात 12 बजे उसे गाड़ी गांव चरखी स्थित एक पेट्रोल पंप पर दिखाई दी तो उसने आईओ को इसकी सूचना दी। आईओ ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी चालक से बात की तो उसने कहा कि वह अगले दिन थाने में आ जाएगा। 17 जून को गाड़ी चालक ने थाने में आकर कहा कि वह गांव में पंचायत में इसका समझौता कर लेंगे। उसका आरोप है कि उसने अब तक कोई समझौता नहीं किया है। उसका आरोप है कि उक्त आरोपी उसे गाड़ी का गलत इस्तेमाल करके झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। अब पीड़ित ने एसपी को इसकी शिकायत देकर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई कर गाड़ी बरामद कराने की गुहार लगाई है।