चरखी दादरी। सर्दी बढ़ने के साथ ही धुंध भी बढ़ती जा रही है। धुंध के दौरान दृश्यता कम होने पर सड़कों पर मौजूद बेसहारा पशुओं से वाहनों के टकराने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इन घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से गोरक्षक रिंपी फोगाट व उनकी टीम ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में उनकी टीम द्वारा क्षेत्र में घूमने वाले करीब 300 बेसहारा पशुओं के सींगों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए जिससे दूर से ही इनकी पहचान हो सके और हादसों को रोका जा सके।
रिंपी फोगाट ने कहा कि कोहरे की अधिकता के कारण सभी को परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से सभी सड़कों पर पीली व सफेद पट्टी दुरुस्त करने की मांग की है। ज्यादातर चालक रोड पर लगी पट्टियों के सहारे घर तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि डिवाइडर के ऊपर रिफ्लेक्टर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में घूमने वाले सभी बेसहारा पशुओं को भी रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाएंगे।
इस मौके पर मोहित, राकेश योगी, सचिन बॉक्सर, आशीष चौहान, मनोज सिंगल, प्रमोद, संदीप, शुभम, रवि फोगाट आदि भी मौजूद रहे।