चरखी दादरी। बाजरा खरीद में सामने आई अनियमितताओं के मामले में जांच का दायरा अब और बढ़ने जा रहा है। बाजरा घोटाले में आढ़तियों से संबंधित रिकॉर्ड मार्केट कमेटी सचिव के पास पहुंच गया है। अब इस रिकॉर्ड के आधार पर जांच की जाएगी कि कितनी फर्में इस पूरे मामले में शामिल हैं और किन-किन फर्मों के माध्यम से बाजरे की खरीद व बिक्री का काम हुआ।
वहीं दूसरी तरफ नई अनाज मंडी में आढ़तियों की बैठक हुई। इसमें आढ़तियों ने दूसरे जिलों से किसानों की बाजरा फसल खरीदने की अनुमति देने और बीडिंग प्रक्रिया शुरू करवाने की मांग उठाई।
घोटाले की जांच में रिकॉर्ड बनेगा आधार
बाजरा खरीद में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर आढ़तियों से संबंधित रिकॉर्ड सचिव के पास पहुंचने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित फर्मों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें यह पता लगाने का प्रयास होगा कि कितनी फर्में खरीद प्रक्रिया से जुड़ी थीं और किन फर्मों के रिकॉर्ड में अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच के दौरान रिकॉर्ड का मिलान कर फर्मों की भूमिका और खरीद से संबंधित आंकड़ों को खंगाला जाएगा।
अन्य जिलों के किसानों से खरीद की मांग
बैठक के बाद आढ़तियों ने मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। आढ़तियों ने कहा कि दादरी जिले की सीमा से सटे दूसरे जिलों के कई गांव ऐसे हैं जो भौगोलिक रूप से दादरी मंडी के काफी नजदीक पड़ते हैं। इन गांवों के किसानों का लंबे समय से दादरी मंडी के आढ़तियों के साथ कारोबार है। किसान वर्षों से इन्हीं आढ़तियों के पास अपनी फसल बेचते आ रहे हैं। ऐसे में केवल जिला अलग होने के आधार पर उनकी फसल खरीदने पर रोक लगाना उचित नहीं है।
सचिव ने दूसरे जिलों की खरीद से किया इन्कार
आढ़तियों की मांग पर मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दूसरे जिलों के किसानों की बाजरा फसल खरीदने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि इस बार जिले की मंडियों में पहले ही काफी मात्रा में बाजरे की आवक हो चुकी है। ऐसे में दूसरे जिलों से भी फसल खरीद शुरू करने पर स्थानीय किसानों की फसल खरीद प्रभावित हो सकती है। जिले के किसानों को ही अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए मौजूदा परिस्थितियों में दूसरे जिलों के किसानों से बाजरा खरीदने की अनुमति देना संभव नहीं है।
बीडिंग शुरू करवाने की भी उठाई मांग
बैठक में आढ़तियों ने बीडिंग प्रक्रिया शुरू करवाने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए बीडिंग सहित अन्य जरूरी कार्य शुरू होने चाहिए, ताकि मंडी में कारोबार प्रभावित न हो। आढ़तियों ने अधिकारियों से मांग की कि खरीद से संबंधित प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों का समाधान किया जाए और पुराने किसानों को भी ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था बनाई जाए।
वर्सन:
आढ़तियों का रिकॉर्ड मेरे पास पहुंच गया है। अब इसका विश्लेषण किया जाएगा और यह पता लगाया जाएगा कि किन फर्मों से गड़बड़ी हुई है। दूसरे जिलों के किसानों से खरीद के लिए आढ़ती मिले थे लेकिन दादरी के किसानों की संख्या को देखते हुए यह बंद की गई और बंद रहेगी।- विजय कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी।