जिले में अभी भी 75 हजार राशन कॉर्ड ऑन लाइन नहीं हुए हैं, जिसके चलते भविष्य में लागू होने वाली योजनाओं का लाभ उठाने से लोग वंचित रह सकते हैं। राशन कार्ड ऑन लाइन कराने की प्रक्रिया अभी जारी है लेकिन इसके बावजूद अभी भी करीब 50 फीसदी राशन कार्ड ही ऑन लाइन हो पाए हैं। खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के अधिकारियों की मानें तो लोगों को राशन कार्ड ऑन लाइन कराने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। विभाग के आंकड़ों अनुसार अब तक करीब 75929 राशन कार्ड ऑन लाइन हो चुके हैं और इनके लाभार्थियों की संख्या तीन लाख 19 हजार 129 है।
खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक राशन कार्डधारक के लिए ऑन लाइन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। जिले में पांच कैटेगरी में से चार कैटेगरी के राशन कार्ड तो ऑन लाइन हो चुके हैं लेकिन एपीएल कैटेगरी के राशन कार्ड ऑन लाइन कराने में कार्डधारक दिलचस्पी नहीं ले रहे। एएवाई, एसबीपीएल, सीबीपीएल और ओपीएच कैटेगरी के राशनकार्ड लगभग ऑन लाइन हो चुके हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई अपना राशनकार्ड ऑन लाइन नहीं करवाता है तो इसका खामियाजां उसे भुगतना पड़ सकता है। राशनकार्ड में नाम कटवाने या जुड़वाने की प्रक्रिया भी अब ऑन लाइन ही हो रही है और मैन्युअली प्रक्रिया बंद कर दी गई है।
दादरी जिले में तीन लाख 73 हजार से अधिक मतदाता हैं जबकि जिले की जनसंख्या करीब साढ़े सात लाख से अधिक है। वहीं, राशन कार्डों की संख्या करीब डेढ़ लाख से पार है। अभी करीब पचास फीसदी लोगों ने ही अपने राशन कार्ड ऑन लाइन करवाए हैं जबकि इतने ही अभी बाकी हैं। इनमें पीएल कैटेगरी के राशन कार्ड सबसे अधिक हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो चार कैटेगरी का टारगेट लगभग 100 फीसदी कवर हो चुका है और जल्द ही एपीएल राशन कार्डों को ऑन लाइन करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन करने के 22 दिन के अंदर नया राशन कार्ड आवेदक को दे दिया जाएगा और कार्ड बनने तक की प्रक्रिया की जानकारी मैसेज के जरिए दे दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए 1800-2000-023 टोल फ्री नंबर पर भी कॉल कर सकते हैं।
पुराने राशन कार्ड की वैधता समाप्त, ऐसे करें आवेदन
खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर यक्ष कुमार ने बताया कि राशन कार्ड में सदस्य का नाम कटवाने व जुड़वाने के लिए लोग अभी भी पुराने कार्ड लेकर कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन पुराने कार्डों की वैधता समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि नया राशन कार्ड ऑन लाइन बनाया जाएगा। इसके लिए समीपवर्ती सीएससी सेंटर या सरल केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और घर के मुखिया के आधार कार्ड सहित पहचान पत्र या एक अन्य कोई भी आईडी देनी होगी।