रामलीला मंचन के शुभारंभ से पूर्व भगवान गणपति का पूजन करते कलाकार और अन्य।
चरखी दादरी। पुराना शहर स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार को गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ हो गया। रामलीला के पहले दिन नारद मोह व शिव-पार्वती संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने अपनी भूमिका से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शहर के हीरा चौक स्थित धार्मिक मंच पर रामलीला का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ समाजसेवी चांद पहलवान बिठलिया के पुत्र रणबीर सिंह पहलवान व रामलीला के पदाधिकारियों की ओर से किया गया। कलाकारों ने शिव-पार्वती संवाद के अलावा नारद मोह की लीला का मंंचन किया।
रामलीला प्रधान रविंद्र फोगाट व महासचिव संदीप फोगाट ने बताया कि रामलीला मंचन के दौरान अनेक झांकियों का भी आयोजन किया गया है, ताकि शहर के लोग रामलीला के माध्यम से राम की शिक्षाओं को ग्रहण कर सके। मुख्य डायरेक्टर बीएस वर्मा ने बताया कि रामलीला मंचन के लिए कलाकारों ने कड़ी मेहनत कर अपनी भूमिका को जीवंत परिदृश्य में ढालने का प्रयास किया है।
रामलीला को सफल बनाने के लिए संरक्षक रिंपी फोगाट, चेयरमैन जयभगवान मस्ताना, वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार बंसल, उपप्रधान श्याम फोगाट, धीरज जैन, अनिल बंसल, सचिव अखिलेश बंसल, कोषाध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, अजय शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा।