झोझूकलां। आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत दादरी जिला में जल संरक्षण को प्रोत्साहन देने के लिए जिला प्रशासन जन सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। केंद्र व राज्य सरकार जल संरक्षण के लिए चिंतित हैं और इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही हैं। यह बात उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने कही।
उन्होंने कहा है कि आने वाली पीढ़ी के लिए जल का संरक्षण बहुत जरूरी है। इसलिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन का भी यह दायित्व बनता है कि जल संरक्षण की दिशा में सहयोगी बनें। कैच द रेन-व्हेन इट फॉल्स-व्हेयर इट फॉल्स थीम के साथ सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। उपायुक्त ने कहा कि वर्षा का मौसम है और वर्षा जल को संचय करते हुए हमें इसका सदुपयोग किया जाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह भी जल संरक्षण में भागीदार बनते हुए सरकार का पूरा सहयोग करें और आने वाली पीढ़ी के लिए जल बचाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी आईईसी गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाए ताकि लोगों को जल संचय के लिए ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जा सके।