फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: बारिश से दादरी को राहत, 28 एमएम बरसा पानी, शहर में जलभराव से जाम, दिन का तापमान 4 डिग्री गिरा

Sat, 12 Sep 2026 12:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी में शुक्रवार को हुई बारिश से रोहतक रोड पर पानी भरने पर जो​खिम उठा डिवाइडर पर चलती युवती। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को बारिश ने दस्तक दी। क्षेत्र में 28 एमएम बारिश दर्ज की गई जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद दिन के तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि बारिश शहर के लिए राहत के साथ आफत भी लेकर आई। कई प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा और लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
विज्ञापन

यहां हुआ जलभराव
बारिश के बाद लोहारू रोड, रोहतक रोड, रोहतक चौक और तहसील रोड पर पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कार्यालयों और बाजार की ओर जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा रहा। कई वाहन चालक जलभराव के बीच से निकलने को मजबूर हुए जिससे कुछ स्थानों पर यातायात धीमा हो गया और जाम की स्थिति बनी रही।
तापमान गिरा, मौसम हुआ सुहावना
बारिश से पहले कई दिनों से गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन का तापमान करीब चार डिग्री गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंडी हवाओं और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के दौरान और इसके बाद मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।
विज्ञापन

बाजरे की फसल को सिंचाई की जरूरत पूरी
बारिश को कृषि क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दादरी क्षेत्र में इस समय बाजरे की फसल को सिंचाई की आवश्यकता थी। ऐसे में बारिश से बाजरे की फसल को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। किसानों के अनुसार, बारिश का पानी खेतों में नमी बनाए रखने में मदद करेगा और इससे सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम हो सकता है।
धान की फसल को भी मिली राहत

जिले के जिन क्षेत्रों में धान की फसल है, वहां भी बारिश को फायदेमंद माना जा रहा है। धान की फसल को पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। बारिश होने से किसानों को कुछ राहत मिली है। हालांकि खेतों में अत्यधिक पानी जमा होने की स्थिति में निकासी जरूरी होगी, ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे।
बाढड़ा में नहीं हुई बारिश
बारिश का असर पूरे जिले में एक जैसा नहीं रहा। चरखी दादरी क्षेत्र में सबसे अधिक 28 एमएम, जबकि बौंद कलां क्षेत्र में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं बाढड़ा क्षेत्र में बारिश शून्य रही। ऐसे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में किसानों को बारिश का अलग-अलग लाभ मिला। दादरी क्षेत्र में हुई बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं फसलों के लिए भी इसे संजीवनी माना जा रहा है। दूसरी ओर शहर में जलभराव ने जनस्वास्थ्य विभाग की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
विज्ञापन

वर्सन:
जिले में हुई बारिश से फसलों को काफी लाभ पहुंचा है, इससे पैदावार में बढ़ोतरी की उम्मीद बनी है।-डॉ. चंद्रभान श्योराण, कृषि विशेषज्ञ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें