घरों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देश पर बुधवार को सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के तहत झोझू कलां थाना पुलिस और चिड़िया चौकी की टीमों ने संयुक्त रूप से गांव चिड़िया में पहुंचकर नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध लोगों के ठिकानों की घेराबंदी की।
थाना प्रभारी झोझू कलां दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वॉयड को देखकर असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने चिह्नित संदिग्ध अपराधियों के घरों, कमरों और संभावित ठिकानों की बारीकी से जांच की। नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध स्थानों के कोने-कोने की गहनता से तलाशी ली गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री या अवैध सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।