चरखी दादरी स्थित एक ठेका पर कम रेट में अंग्रेजी शराब बेचने की सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने आबकारी विभाग की टीम को साथ लेकर दबिश दी। इस दौरान ठेका पर तय रेट से कम में शराब बेचने की सूचना सही मिली। इस पर संज्ञान लेकर आबकारी विभाग ने तीन दिन के लिए ठेका को सील कर दिया है। वहीं, आबकारी विभाग के अधिकारियो के अनुसार आबकारी नीति 2023-24 के नियम 7.1 की अवेह्लना होने पर यह कार्रवाई की गई है।
सीएम फ्लाइंग को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि कबाड़ी मार्केट के समीप स्थित जगदीश वाइन्स फर्म का ठेका है। यहां निर्धारित से कम रेट में शराब बेची जाती है। इस आधार पर बुधवार शाम मुख्यमंत्री उड़नस्ता दादरी पहुंचा और गुप्तर विभाग टीम व आबकारी विभाग भिवानी में तैनात निरीक्षक सतबीर को साथ लेकर ठेका पर दबिश दी। वहां काउंटर पर सेल्समैन हाजिर मिला।
आबकारी नीति 2023-24 के नियम 7.1 का उल्लंघन
उसी दौरान एक युवक ठेका से अंग्रेजी शराब की बोतल खरीदकर जाने लगा तो टीम ने उससे भी पूछताछ की। शराब खरीदने वाले युवक ने बताया कि ऑफिसर च्वाइस मार्का की अंग्रेजी शराब की बोतल उसने 350 रुपये में खरीदी है। वहीं, एक अन्य ठेका के सेल्समैन से जब टीम ने रेट को लेकर बातचीत की तो उसने रेट 420 रुपये बताया। निरीक्षक सतबीर सिंह ने बताया कि जिस रेट पर यह शराब बेची जा रही है उससे आबकारी नीति 2023-24 के नियम 7.1 का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम से अगले तीन दिन के लिए ठेका सील किया गया है।