चरखी दादरी। मांढी पिरानू के समीप शनिवार रात हुए हादसे में हुई सरपंच कुलदीप के परिवार को जीवनभर का दर्द मिल गया। सरपंच का बड़ा बेटा राहुल इस हादसे में काल का शिकार हो गया। हादसा कुलदीप की आंखों के सामने हुआ और उस दौरान बेटे राहुल की बाइक और कुलदीप की गाड़ी के बीच 10 ही मीटर का फासला था। राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और सरपंच और उनके भाई को उसे अस्पताल पहुंचाने का समय भी नहीं मिला।
बाढड़ा थाना पुलिस ने मांढी पिरानू के समीप हुए हादसे के बाद देर रात ही शव को कब्जे में लेकर दादरी सिविल अस्पताल में रखवाया और सोमवार सुबह कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया। दूसरी ओर इस हादसे के चलते हुई गांव में सन्नाटा पसरा है और हर कोई इस घटना से क्षुब्ध है।
दरअसल, सरपंच कुलदीप के दो बेटे हैं और उनमें राहुल (19) बड़ा था। उसने इस वर्ष ही बारहवीं की परीक्षा दी थी और परिणाम आने का इंतजार कर रहा था। इसके अलावा राहुल सेना भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। वहीं, सरपंच कुलदीप का छोटा बेटा नवीन इस समय बारहवीं कक्षा में पढ़ रहा है।
बेटे को संभालने के साथ पिकअप का नंबर किया नोट
मृतक राहुल का पिता कुलदीप हादसे का प्रत्यक्षदर्शी है। कुलदीप ने हादसे के तुरंत बाद न केवल घायल बेटे को संभाला बल्कि हादसा कर मौके से फरार हुए वाहन का नंबर भी नोट कर लिया है। कुलदीप ने वाहन का नंबर पुलिस को बताया है।
मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है। वाहन का नंबर पुलिस को मृतक के पिता ने दिया है जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी है।
-कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना