चरखी दादरी। प्रयागराज कुंभ मेले के लिए शुरू की गई बस सेवा जिले के यात्रियों को खूब रास आ रही है। परिवहन विभाग ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अग्रिम बुकिंग का प्रावधान किया है। यात्री फोन के माध्यम से सीटों की बुकिंग करवा सकते हैं। वहीं, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शनिवार को दो बसों का संचालन किया गया। वहीं, परिवहन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि बसों की संख्या यात्रियों के अनुसार बढ़ाई भी जा सकती हैं।
प्रयागराज की सीधी बस सेवा शुरू होन का लाभ तीर्थ यात्रियों को मिल रहा है। पहले दिन तीन और दूसरे दिन आठ यात्रियों ने प्रयागराज के लिए सफर किया। तीसरे दिन यात्रियों की संख्या बढ़कर 57 पहुंच गई। वहीं, शनिवार को चौथे दिन भी 83 यात्री प्रयागराज की बस में सफर करने पहुंचे। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने शनिवार से अग्रिम बुकिंग व्यवस्था लागू कर दी है। वहीं, यात्री संख्या बढ़ने से परिवहन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी हो रही है।
दरअसल, परिवहन विभाग की ओर से जिले के यात्रियों को प्रयागराज कुंभ मेले तक सफर करवाने के लिए बुधवार से सीधी बस सेवा शुरू की गई थी। लगातार बस का संचालन होने से यात्रियों का रुझान बढ़ रहा है। अब लोग निजी वाहनों के बजाय रोडवेज बस में सफर कर प्रयागराज पहुंचने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रयागराज के लिए जाने वाले यात्री 01250-220144 पर फोन कर अपनी बुकिंग करवा सकते हैं।