गेट पास नहीं काटे जाने पर रोष जताते किसान।
बाढड़ा। बाजरे की बिक्री के लिए अनेक किसान अनाज मंडी में पहुंचे। दिनभर किसान संगठनों, किसानों और अधिकारियों के बीच आश्वासनों का दौर चलने के बावजूद खरीद शुरू नहीं हो सकी। इसे लेकर किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। एसडीएम आशीष सांगवान व कमेटी सचिव विद्यासागर दोपहर बाद अनाज मंडी पहुंचे और किसानों व आढ़तियों को आश्वासन दिया कि बाजरा की खरीद जल्द शुरू की जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन, किसान मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने खरीद शुरू करवाने के बारे में अधिकारियों से बातचीत की। दिनभर चली बातचीत में किसानों को जल्द खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया गया। शाम तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
हैफेड के अधिकारियों का कहना है कि आढ़तियों की ओर से बाजरे की सफाई नहीं करवाई गई है। निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार बाजरा तैयार नहीं होने के कारण खरीद शुरू नहीं की जा सकती। वहीं, किसान नेताओं का आरोप है कि किसान मंडी में कई दिनों से बाजरा के साथ बैठे हैं और उन्हें बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं। खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
किसान नेता हरपाल भांडवा और राजकुमार हड़ोदी ने कहा कि किसान पहले ही कम बारिश और फसल की लागत बढ़ने से परेशान हैं। सोमवार को सुबह आधे घंटे तक गेटपास नहीं काटे जाने पर हंगामा किया गया। इसके बाद गेटपास कटने शुरू किए गए। गेटपास के लिए लंबी लाइन लगी रही। वहीं हैफेड खरीद अधिकारी मुनेश कुमार ने बताया कि आढ़तियों की ओर बाजरे की सफाई नहीं की गई जिसके चलते खरीद शुरू नहीं हो पाई।