फोटो 11 बिरहीकलां डायट में आयोजित प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए विषय विशेषज्ञ। स्रोत: विभाग
:::::::::::::
- बिरहीकलां स्थित डायट संस्थान में आयोजित किया गया प्रशिक्षण शिविर, दादरी और भिवानी जिले के 58 नवपदोन्नत प्राचार्य हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। एक अच्छा स्कूल मुखिया वहीं है, जो पूरे स्टाफ को साथ लेकर चले। इसके अलावा, एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) समिति से लगातार संपर्क रखे और अभिभावक-अध्यापक बैठकों में सक्रिय भूमिका निभाए। ये बातें डायट बिरहकलां में आयोजित नवपदोन्नत प्राचार्याें के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए विषय विशेषज्ञ दिनेश फोगाट ने कहीं।
इससे पहले डॉ. हरीश कुमार ने परिचय कराया और प्रतिपूर्ति सत्र प्रारंभ किया। वरिष्ठ प्रवक्ता ट्रेनिंग प्रभारी नवरत्न पांडे ने बताया कि दोनों सत्रों में प्राचार्यों के लिए लेखा अधिकारी नौरंगलाल और नंदकिशोर जांगड़ा ने पेंशन और वित्तीय मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दूसरे सत्र में डायट प्रवक्ता विवेक ने कौशल एकीकृत शिक्षा विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। डायट प्रभारी व वरिष्ठ प्रवक्ता डीडी कौशिक ने बताया कि आज विद्यालय शिक्षा में कौशल विकास के साथ शारीरिक श्रम को भी जोड़ना होगा। अंतिम सत्र में प्रतिभागियों के लिए वित्तीय मामलों से संबंधित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अनुभाग अधिकारी ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता सुजीता, मोनिका, डॉ. नरसिंह चाहार, सुशील कुमार, राजेश कुमार, धीरज कुमार, डॉ. ओमप्रकाश पंवार व राकेश गोदारा आदि मौजूद रहे।